Jamtara: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 09 मोबाइल फोन और 22 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग ठगी के लिए किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह और शेखपुरा के बीच स्थित जंगल में छापेमारी कर दो अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी मैदान के पास खजूर के पेड़ के नीचे चल रहे साइबर ठगी के अड्डे पर छापेमारी कर तीसरे आरोपी को पकड़ा गया।
फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर लोगों को झांसे में लेते थे अपराधी
गिरफ्तार आरोपियों में नवाडीह निवासी सनातन दास, पसोई निवासी नितेश दास तथा लोहरबंधा निवासी सिराज अंसारी शामिल हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सनातन दास और नितेश दास गूगल प्लेटफॉर्म पर यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के कस्टमर केयर के नाम पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर लोगों को झांसे में लेते थे।
वहीं सिराज अंसारी खुद को बैंक अधिकारी बताकर क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने के नाम पर लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर ठगी करता था।
Read More- जाने कौन है परिमल नाथवानी-उद्योगपति से लेकर राजनीति के शिखर तक का सफर
इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 36/26, दिनांक 18 जून 2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









