रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने रेगुलर-2025 संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा (PT) की एक बार फिर संशोधित मॉडल उत्तर (Answer Key) जारी करते हुए कुल चार प्रश्नों को ड्रॉप (रद्द) कर दिया है। इनमें सामान्य अध्ययन प्रथम पत्र के दो प्रश्न और सामान्य अध्ययन द्वितीय पत्र के दो प्रश्न शामिल हैं।
वहीं, मुख्य परीक्षा (Main Examination) का आयोजन 18 जुलाई से 20 जुलाई 2025 तक रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी अंतिम चरण में पूरी करने की सलाह दी है।
तीन बार संशोधित हुई मॉडल उत्तर कुंजी
JPSC ने प्रारंभिक परीक्षा के बाद पहली बार 21 अप्रैल को मॉडल उत्तर जारी किया था और अभ्यर्थियों से 24 अप्रैल तक आपत्तियां एवं सुझाव मांगे गए थे। प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों से समीक्षा कराने के बाद आयोग ने 26 मई को दूसरी और अंतिम मॉडल उत्तर कुंजी प्रकाशित की।
हालांकि, अभ्यर्थियों से प्राप्त अतिरिक्त आपत्तियों के आधार पर आयोग ने विशेषज्ञों से दोबारा समीक्षा कराई और 19 जून को तीसरी बार संशोधित मॉडल उत्तर जारी कर दिया। इस संशोधन में सामान्य अध्ययन प्रथम पत्र के उत्तरों को यथावत रखा गया है, जबकि द्वितीय पत्र में बदलाव किए गए हैं। साथ ही कुल चार प्रश्नों को रद्द कर दिया गया है।
103 पदों पर चल रही है भर्ती प्रक्रिया
JPSC रेगुलर-2025 भर्ती अभियान के तहत कुल 103 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। इनमें विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं के महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
भर्ती में शामिल प्रमुख पद इस प्रकार हैं—
- उपसमाहर्ता – 28 पद
- पुलिस उपाधीक्षक (DSP) – 42 पद
- जिला समादेष्टा (गृह) – 2 पद
- प्रोबेशन पदाधिकारी (गृह) – 4 पद
- सहायक निदेशक (महिला एवं बाल विकास) – 3 पद
- सहायक निबंधक (कृषि) – 2 पद
- सहायक नगर आयुक्त – 10 पद
- काराधीक्षक – 2 पद
- सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी – 10 पद
मुख्य परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








