Ranchi: रामपुर प्रकरण के आरोपी मंटू सिंह के साथ पुलिस रिमांड के दौरान कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बीजेपी किसान मोर्चा, झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ज्योतिरेश्वर सिंह ने मीडिया रिपोर्टों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने सीधे तौर पर संबंधित डीएसपी (DSP) को लाइन हाजिर करने की वकालत कर दी है।
जांच से ऊपर कोई अधिकारी नहीं, DSP को करें लाइन हाजिर
सिंह ने कहा कि यदि मेडिकल जांच में मंटू सिंह को आई चोटों की पुष्टि हुई है और अदालत ने इसका संज्ञान लिया है, तो पारदर्शिता के लिए संबंधित डीएसपी को जांच पूरी होने तक तुरंत लाइन हाजिर किया जाना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि कानून के शासन में किसी को भी दोषी ठहराने का अधिकार सिर्फ कोर्ट को है, पुलिस को अमानवीय व्यवहार करने का हक नहीं।
अपनी ही पार्टी के सांसद-विधायक से की बड़ी उम्मीद
बीजेपी नेता ने झारखंड सरकार और पुलिस मुख्यालय से मेडिकल रिपोर्ट व सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने एक सजग भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर स्थानीय विधायक, सांसद और पार्टी नेतृत्व से भी न्याय व सुशासन के सिद्धांतों के तहत जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करने की अपेक्षा की है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनता सब देख रही है, इसलिए न्याय सिर्फ होना नहीं चाहिए, बल्कि दिखना भी चाहिए।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









