जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): लोहनगरी जमशेदपुर में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस हाई अलर्ट पर है, वहीं दूसरी ओर कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
Jamshedpur Crime: पुरानी रंजिश में चली गोली
जानकारी के अनुसार, घायल युवक संजय का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे दो युवक उसके पास पहुंचे। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली संजय के जबड़े में जाकर फंस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल संजय ने हिम्मत दिखाते हुए खुद ही जबड़े से गोली निकाली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल MGM अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।
कदमा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से घटना की जानकारी ली है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
हिमांशु सिंह हत्याकांड के बीच फिर हुई फायरिंग
गौरतलब है कि करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच को लेकर जमशेदपुर पुलिस पहले से ही सक्रिय है। शहर में कई स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं निगरानी कर रहे हैं। इसके बावजूद डबल डाउन बार इलाके से कुछ किलोमीटर की दूरी पर हुई इस फायरिंग की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कितनी जल्द गिरफ्तार कर शहर में बढ़ते अपराध पर किस तरह नकेल कश पाती है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








