Ranchi: झारखंड के भविष्य और विकास की दिशा पर मंथन के लिए ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से रांची के बीएनआर चाणक्य होटल में ‘Think Jharkhand, Think Future’ प्रोफेशनल कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजनीति, उद्योग, शिक्षा, कानून, वित्त और अन्य पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह प्रोफेशनल्स कांग्रेस प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की। संचालन प्रदेश मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ सहदेव ने किया, जबकि सीए भुवनेश ठाकुर ने विषय प्रवेश कराया।
रोजगार, उद्योग, शिक्षा और प्रोफेशनल्स की भूमिका पर चर्चा
कॉन्क्लेव में झारखंड के सामाजिक-आर्थिक विकास, रोजगार, उद्योग, शिक्षा और प्रोफेशनल्स की भूमिका पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि एआईसीसी महासचिव एवं झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि राज्य की विकास यात्रा में प्रोफेशनल्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं और विशेषज्ञों के नए विचार झारखंड को नई दिशा दे सकते हैं और प्रोफेशनल्स की आवाज नीति निर्माण तक पहुंचनी चाहिए।
राजू ने कांग्रेस में वकील, पत्रकार, लेखक, बुद्धिजीवी और समाजशास्त्रियों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा प्रोफेशनल्स को सम्मान दिया है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए आदित्य विक्रम जायसवाल को बधाई दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड के सामाजिक और आर्थिक विकास में सभी वर्गों, विशेषकर प्रोफेशनल समुदाय की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में उन उद्देश्यों के मूल्यांकन की जरूरत बताई, जिनके लिए झारखंड का गठन हुआ था।
अभिनेत्री और अधिवक्ता कुनिका सदानन्द ने युवाओं और महिलाओं को झारखंड की वास्तविक ताकत बताते हुए बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रतिभाओं को सही मंच मिलने की जरूरत है।
सरकार, उद्योग जगत और प्रोफेशनल्स के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने उद्योग, व्यापार और रोजगार की संभावनाओं पर बात रखी। उन्होंने सरकार, उद्योग जगत और प्रोफेशनल्स के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई।
सीए अनिश जैन ने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और प्रोफेशनल विशेषज्ञता को सतत विकास की आधारशिला बताया।
आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल ने झारखंड की अर्थव्यवस्था को केवल खनिजों के दोहन तक सीमित रखने के बजाय मूल्य-वर्धन आधारित अर्थव्यवस्था की ओर ले जाने पर जोर दिया। उन्होंने निजी क्षेत्र में रोजगार, किसानों की आय और ग्रामीण रोजगार बढ़ाने के लिए नीतिगत पहल की जरूरत बताई।
प्रोफेशनल्स कांग्रेस के न्यूज लेटर का लोकार्पण किया गया
कार्यक्रम से पहले दिवंगत जैनेथ एंड्रू को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद प्रोफेशनल्स कांग्रेस के न्यूज लेटर का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी प्रसाद सिरिबेला और भूपेंद्र मरावी, नेता विधायक दल प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय समेत कई लोग मौजूद रहे। विभिन्न क्षेत्रों से आए वक्ताओं ने झारखंड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव रखे।
आयोजकों के अनुसार, ‘Think Jharkhand, Think Future’ का उद्देश्य प्रोफेशनल्स, उद्योग जगत, युवाओं और राजनीतिक नेतृत्व को एक साझा मंच पर लाना था, ताकि राज्य के भविष्य को लेकर ठोस विमर्श आगे बढ़ाया जा सके।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.