Koderma: कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी में शुक्रवार शाम को एक सड़क दुर्घटना घटी। सरिया लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रेलर में आग लग गई। दुर्घटना में चालक और उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
चालक और उपचालक गंभीर रूप से घायल
घायलों की पहचान बिहार के संग्रामपुर निवासी सोनू कुमार और विक्रम कुमार के रूप में हुई है। सोनू ट्रेलर चला रहे थे, जबकि विक्रम उपचालक थे।
मिली जानकारी के मुताबिक ट्रेलर बोकारो से सरिया लादकर पटना जा रहा था। बंदरचुआं के पास ढलान पर अचानक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खाई में जा गिरा। खाई में गिरने के बाद ट्रेलर में भयंकर आग लग गई। इस दौरान दोनों केबिन में फंस गए।
घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस और सड़क सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को केबिन से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
अग्निशमन विभाग की टीम ने पाई आग पर काबू
पुलिस की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से ट्रेलर में लगी आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में इस स्थान पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने सड़क की खराब स्थिति और ढलान को हादसों की वजह बताते हुए जिला प्रशासन से आवश्यक सुधार कराने की मांग की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











