Ranchi: JLKM विधायक जयराम महतो की ओर से झारखंड पुलिस एसोसिएशन पर लगाए गए आरोपों के बाद एसोसिएशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब दिया है। प्रदेश अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने विधायक के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी मुद्दे को पूरे संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
पांच दिनों के भीतर जयराम महतो पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी
राहुल मुर्मू ने बताया कि बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/2026, दिनांक 22 मई 2026 में दर्ज मामले को लेकर एसोसिएशन ने धनबाद एसपी से पत्राचार किया है। उन्होंने कहा कि जयराम महतो समेत अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पांच दिनों के भीतर पूरी की जाएं। ऐसा नहीं होने पर राज्यभर के शाखा पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
राज्यपाल, मुख्यमंत्री को भेजी गई पत्र की प्रतिलिपि
एसोसिएशन के मुताबिक, पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और डीजीपी को भी भेजी जा रही है। इसका उद्देश्य मामले में कार्रवाई की स्थिति को स्पष्ट रखना बताया गया है।
जयराम महतो की ओर से निजता और संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला दिए जाने पर मुर्मू ने कहा कि अनुच्छेद 21 जीवन और गरिमा के अधिकार से संबंधित है। उन्होंने दावा किया कि यदि किसी थाना प्रभारी ने फोन पर कथित अपशब्दों के बाद अपने बचाव में बातचीत रिकॉर्ड की, तो इसे निजता का उल्लंघन नहीं कहा जा सकता। हालांकि, इस संबंध में अंतिम कानूनी स्थिति संबंधित जांच और न्यायिक प्रक्रिया से तय होगी।
बरसात में बालू खनन और नदी से जुड़े कार्यों पर प्रतिबंध
मुर्मू ने एसोसिएशन पर नस्लीय भेदभाव और चुनिंदा पुलिसकर्मियों का पक्ष लेने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने हजारीबाग में पुलिसकर्मी-अधिवक्ता विवाद, महेश मुंडा और बौखालो से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि एसोसिएशन ने अलग-अलग मामलों में पुलिसकर्मियों के हित में आवाज उठाई है।
बालू विवाद पर भी उन्होंने जयराम महतो को घेरा। उन्होंने NGT के आदेशों का हवाला देते हुए बरसात में बालू खनन और नदी से जुड़े कार्यों पर प्रतिबंध की स्थिति का जिक्र किया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









