Koderma: कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन की देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बहनोई घायल हो गया। हादसा ढाब के समीप हुआ, जहां मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
मृतक की पहचान बिहार के अकबरपुर निवासी सनोज कुमार के रूप में हुई है। हादसे में उसके बहनोई हीरालाल दास घायल हुए हैं।
अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए शिवपुर गया था
बताया गया कि सनोज कुमार अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए शिवपुर गया था। राखी बंधवाने के बाद वह अपने बहनोई हीरालाल दास के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। दोनों अकबरपुर थाना क्षेत्र के पचरूखी गांव जा रहे थे। इसी दौरान ढाब के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक चला रहे सनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना सतगावां पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां ले गई।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल हीरालाल दास का इलाज किया गया। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना से परिवार में मातम पसर गया। राखी बंधवाकर घर लौट रहे सनोज की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









