Ranchi: झारखंड में सक्रिय रहे नक्सली नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिली है। एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली रहे असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद उसके दस्ते से जुड़े दो अन्य सदस्यों को भी पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो उर्फ समीर उर्फ पांडेय और उसकी पत्नी मालती मुर्मू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों लंबे समय से नक्सली संगठन से जुड़े हुए थे और झारखंड-पश्चिम बंगाल के जंगल क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं।
असीम मंडल के बाद मंगल-मालती तक पहुंची पुलिस, गुप्त ठिकाने से दोनों गिरफ्तार
गिरफ्तार मंगल सिंह सरदार पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र के बिदरी गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, वह संगठन में स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (SJCM) स्तर पर काम कर रहा था।
मंगल सिंह पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ 11 मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की तलाश में था।
पत्नी भी संगठन में थी सक्रिय, 2 लाख का इनाम और 11 मामलों का रिकॉर्ड
मंगल सिंह की पत्नी मालती मुर्मू भी नक्सली संगठन में सक्रिय बताई गई है। पुलिस के अनुसार वह संगठन में एरिया कमेटी मेंबर (ACM) के तौर पर काम कर रही थी।
मालती पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ भी 11 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
असीम मंडल के दस्ते के आखिरी सदस्यों की गिरफ्तारी
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद उसके दस्ते से जुड़े इन दोनों सदस्यों की गिरफ्तारी को अहम माना जा रहा है। इससे संगठन के स्थानीय नेटवर्क और उसके संचालन से जुड़ी जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
दोनों को पश्चिम बंगाल में एक गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल क्षेत्र से निकलने के बाद दोनों पश्चिम बंगाल में छिपकर रह रहे हैं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने ठिकाने की घेराबंदी कर कार्रवाई की।
हथियारों के डंप को लेकर पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों से हथियार, कारतूस और गोला-बारूद के छिपाए गए डंप के बारे में पूछताछ कर रही है। इसके अलावा नक्सली संगठन के नेटवर्क, दूसरे सहयोगियों और पुराने ठिकानों से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है। पूछताछ के आधार पर हथियारों और अन्य सामान की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
झारखंड पुलिस के आईजी अभियान नरेंद्र सिंह ने दोनों नक्सलियों की पश्चिम बंगाल में गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
ये भी पढ़ें: करमा पर्व की अनोखी परंपरा: 22 सितंबर को मनाया जाएगा, जानें पूजा की खास रस्में
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









