Ranchi: जमशेदपुर में गोलीबारी की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से झारखंड की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने के बाद कांग्रेस ने पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि अपराध की घटना गंभीर है और सरकार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन आपराधिक घटनाओं को राजनीतिक बयानबाजी का आधार बनाना उचित नहीं है।
यदि संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं तो उन्हें जांच एजेंसियों के सामने रखें
राकेश सिन्हा ने बाबूलाल मरांडी से उनके उन आरोपों के प्रमाण सार्वजनिक करने को कहा, जिनमें उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर तस्करी, अवैध कमाई, संरक्षण और राजनीतिक वफादारी जैसे आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं तो उन्हें जांच एजेंसियों के सामने रखा जाना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने मरांडी के मुख्यमंत्री रहते राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार से सवाल करना है, लेकिन उसे अपने शासनकाल के रिकॉर्ड पर भी जवाब देना चाहिए।
सिन्हा ने कहा कि जमशेदपुर गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी होनी चाहिए। यदि किसी अपराधी को संरक्षण मिलने की बात सामने आती है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। उनके मुताबिक, जांच का आधार राजनीतिक आरोप नहीं, बल्कि सबूत और कानून होना चाहिए।
बाबूलाल से संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग
उन्होंने पुलिस पदस्थापन और अधिकारियों को दिए गए अतिरिक्त प्रभार पर मरांडी की आपत्तियों का भी उल्लेख किया और उनसे संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की।
सिन्हा ने कहा कि कानून-व्यवस्था के सवाल पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। साथ ही, पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाने से पहले उनके समर्थन में तथ्य सामने रखना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के पक्ष में है और सरकार से पारदर्शी, जवाबदेह तथा पेशेवर पुलिसिंग सुनिश्चित करने की अपेक्षा करती है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








