Ranchi: झारखंड की राजनीति में कांग्रेस विधायक अम्बा प्रसाद और भाजपा नेता भानु प्रताप शाही के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। अम्बा प्रसाद ने वीडियो जारी कर शाही के बयान पर पलटवार किया और इरफान अंसारी के समर्थन में कई सवाल उठाए। दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मुद्दों पर बयानबाजी पहले भी सामने आती रही है। दिसंबर 2025 में शाही ने बिहार की एक महिला डॉक्टर को झारखंड में नौकरी देने की इरफान अंसारी की घोषणा पर सवाल उठाया था।
इरफान अंसारी उनके बड़े भाई हैं
अम्बा प्रसाद ने कहा कि इरफान अंसारी उनके बड़े भाई हैं और उनके परिवार का झारखंड के लोगों से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी ओर से कोई सवाल उठता है तो वह खुद उसका जवाब देंगी।
अपने वीडियो में अम्बा प्रसाद ने शाही से भाजपा के भीतर और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े कुछ पुराने संदर्भों पर सवाल किए। उन्होंने जयंत सिन्हा और उनके पिता यशवंत सिन्हा के राजनीतिक मतभेदों का उल्लेख करते हुए पूछा कि उस समय शाही की भूमिका क्या थी।
बंगाल का सह-प्रभारी बनाया जाना योग्यता और मेहनत का परिणाम
उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति पर सरकार की आलोचना करने का हवाला देते हुए भी शाही से सवाल किया। अम्बा ने बिहार की राजनीति का जिक्र करते हुए वहां महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भाजपा की प्रतिक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए।
अम्बा प्रसाद ने कहा कि उन्हें बंगाल का सह-प्रभारी बनाया जाना उनकी योग्यता और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल मुर्शिदाबाद में पार्टी की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
उन्होंने अपने बयान में भाजपा और महागठबंधन की राजनीतिक कार्यशैली की तुलना भी की और कहा कि महागठबंधन में अलग-अलग नेताओं को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











