Ranchi: दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुगम आवागमन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन और अन्य अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
प्रशासनिक टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास रोड स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडाल का जायजा लिया।
निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान पंडाल की संरचना, अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा, प्रवेश और निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। पंडालों में आपातकालीन निकास मार्ग अवरोधमुक्त रखने और महिला, बच्चों, बुजुर्गों तथा दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया।
भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती
भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती और पुलिस-प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। संदिग्ध गतिविधि या किसी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का निर्देश है।
प्रशासन ने बिजली के खुले तारों को व्यवस्थित करने, पर्याप्त रोशनी और सीसीटीवी की व्यवस्था रखने तथा ज्वलनशील पदार्थों से जुड़े सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
दुर्गापूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पूजा समितियों को ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पूजा समितियों से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.










