साहिबगंज: राधानगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक व्यक्ति की हत्या से सनसनी फैल गई। मोहनपुर चौक के पास मुख्य सड़क पर खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोहनपुर गांव निवासी गौर चंद्र बागती के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गौर चंद्र बागती रोजाना सुबह टहलने के लिए घर से निकलते थे। रविवार सुबह भी वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान मोहनपुर चौक के पास सुनसान जगह पर अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने धारदार हथियार से उनके गले पर वार किया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सड़क पर मिला खून से लथपथ शव
सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क पर गौर चंद्र का शव पड़ा देखा। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान होने की सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। हत्या की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजमहल SDPO विमलेश कुमार त्रिपाठी और पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











