Dhanbad: धनबाद जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर शनिवार को जिला परिवहन विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच की गई।
गंभीर अनियमितता मिलने पर दो वाहन जब्त
इस दौरान ओवरलोडिंग और सड़क किनारे अवैध व बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 13 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं, गंभीर अनियमितता मिलने पर दो वाहनों को जब्त किया गया। इनमें एक वाहन बलियापुर थाना और दूसरा बरवाअड्डा थाना को सौंपा गया।
उपायुक्त ने कहा कि अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है तथा यातायात बाधित होता है। उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।









