Ranchi: रांची विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 शनिवार को संत जेवियर्स कॉलेज में संपन्न हो गई। रोमांचक फाइनल मुकाबले में मारवाड़ी कॉलेज ने मेजबान संत जेवियर्स कॉलेज रांची को 3-2 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
मारवाड़ी कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर मुकाबला अपने नाम किया। फाइनल मैच के सेट के स्कोर 25-23, 18-25, 25-19, 15-11 रहे। हर अंक के लिए दोंनो टीमों के बीच संघर्ष देखने को मिला। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार संत जेवियर्स के अर्पित आईंद वहीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मारवाड़ी कॉलेज के निखिल कुमार को मिला। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्लयू डॉ सुदेश कुमार साहू उपस्थित हुए।
निखिल कुमार बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल को अनुशासन, टीमवर्क, खेल भावना के साथ खेलना चाहिए तभी जीत सुनिश्चित होती है। विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डाॅ अनिल वीरेन्द्र कुल्लू व मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डाॅ मनोज कुमार उपस्थित थे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। पूरी प्रतियोगिता आयोजन सचिव डाॅ राम मुर्मू के मार्गदर्शन में हुई।
मौके पर संत जेवियर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे, फादर अजय अनिल तिर्की, डाॅ संजय कुमार, डाॅ शिव कुमार, फादर संजय केरकेट्टा, डाॅ सुशील पाण्डेय, डाॅ आशुतोष पाण्डेय, प्रो कमलदीप सहित प्रतियोगिता के तकनीकी अधिकारीगण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डाॅ ज्योति टेटे और अजीत मेलगंडी ने किया। इस आयोजन में अंगीभूत और संबद्धता प्राप्त विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।









