Koderma: कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता गुड़िया देवी का शव रविवार सुबह एक कुएं से बरामद हुआ। महिला 23 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे धुमाडीह स्थित अपने घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद नवलशाही थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
रविवार सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर मसमोहना के खेलडुआ आहार, बांडीयहरि के पास स्थित कुएं में ग्रामीणों ने शव देखा। खेत में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद मसमोहना निवासी मिथलेश साहू ने महिला के जेठ त्रिलोकी दास को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गुड़िया देवी के रूप में की।
Read More- दो बच्चों की मां 13 साल छोटे युवक के प्यार मेें पागल-पति ने खुद करा दी शादी
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका के जेठ त्रिलोकी दास ने हत्या की आशंका जताई है। उनका संदेह है कि इलाके में अवैध शराब की बिक्री और सेवन से जुड़े लोगों की घटना में भूमिका हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अब तक हत्या या किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। गुड़िया देवी के दो छोटे पुत्र हैं। उनकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलने पर नवलशाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
Read More- दिल्ली के स्कूल में कोडरमा की छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी सुमन कुमार के अनुसार, मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









