Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला ने पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर गम्हरिया थाना पहुंची थी महिला
पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि गुरुवार को महिला पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर गम्हरिया थाना पहुंची थी। इसी दौरान थाने में तैनात आरक्षी नीरज लकड़ा उसे मदद के बहाने एक कमरे में ले गया और वहां जबरन दुष्कर्म किया।
Read More- Breaking News: राहुल दुबे गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, पांच गिरफ्तार और हथियार बरामद
मामले में मुख्य आरोपी आरक्षी नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसे जेल भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। पीड़िता की मेडिकल जांच भी कराई जा रही है।
जांच के लिए एसआईटी गठित, कमरा सील
एसपी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। एसडीपीओ ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और संबंधित कमरे को सील कर दिया।
इस मामले में थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है।
Read More- कोडरमा में मां से मिलने जा रही नाबालिग के अपहरण का आरोप, चार युवक हिरासत में
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









