Ranchi: झारखंड में SIR को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार के बयान पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के केंद्रीय नेता झारखंड आकर विकास, रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों पर बात करने के बजाय कांग्रेस पर निशाना साधते हैं।
SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करना लोकतंत्र को बदनाम करना नहीं
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा SIR को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में संभावित गड़बड़ियों, नामों के विलोपन और SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करना लोकतंत्र को बदनाम करना नहीं, बल्कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना है।
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार
कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी और पार्टी की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से ध्यान भटकाने का आरोप भी लगाया।
सिन्हा ने कहा कि यदि SIR की प्रक्रिया पारदर्शी है, तो भाजपा को विपक्ष के सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से झारखंड की जनता के मुद्दों पर बात करने की अपील की।








