Rise And Fall 2 Winner: ओटीटी रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ को आखिरकार अपना विजेता मिल गया है। छह सप्ताह तक चले इस चर्चित शो में पॉलिटिकल एनालिस्ट शहजाद पूनावाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली। उन्होंने फिनाले में टीवी अभिनेत्री प्रियंका चाहर चौधरी को पीछे छोड़ दिया। विजेता बनने के साथ ही शहजाद को 35 लाख रुपये की इनामी राशि भी मिली। हालांकि, जीत के बाद उन्होंने इस रकम को लेकर जो फैसला सुनाया, उसने सभी का ध्यान खींचा।
प्रियंका चाहर चौधरी बनीं फर्स्ट रनर-अप, गौतम गुलाटी को मिला तीसरा स्थान
‘राइज एंड फॉल 2’ के ग्रैंड फिनाले में टॉप कंटेस्टेंट्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अभिनेत्री प्रियंका चाहर चौधरी ने पूरे सीजन में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई और फर्स्ट रनर-अप बनकर शो का सफर समाप्त किया। वहीं, ‘बिग बॉस 8’ के विजेता गौतम गुलाटी तीसरे स्थान पर रहे।
शो में शहजाद पूनावाला की करीबी दोस्त बनीं स्वरा भास्कर चौथे नंबर पर रहीं, जबकि अभिनेता करण पटेल पांचवें स्थान पर रहे। इस तरह फिनाले में शहजाद ने सभी को पछाड़ते हुए विजेता का खिताब हासिल किया।
35 लाख रुपये जीतने के बाद शहजाद ने लिया बड़ा फैसला
शहजाद पूनावाला की जीत से ज्यादा चर्चा उनके उस फैसले की हो रही है, जो उन्होंने प्राइज मनी को लेकर लिया है। शो के विजेता को मिली 35 लाख रुपये की पूरी राशि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (CM Relief Fund) में दान करने का ऐलान किया है।
उनके इस फैसले की सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है। मनोरंजन के मंच पर मिली इस बड़ी जीत को जरूरतमंदों की मदद से जोड़ने के उनके ऐलान ने शो के फिनाले को और भी खास बना दिया।
पहले दिन के विवाद से लेकर गेम के मास्टरमाइंड बनने तक का सफर
शहजाद पूनावाला शुरुआत से ही ‘राइज एंड फॉल 2’ के सबसे चर्चित प्रतिभागियों में शामिल रहे। शो के पहले ही दिन शिवेत तोमर के साथ उनकी तीखी बहस ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। शुरुआती दौर में स्वरा भास्कर के साथ भी उनकी कई बार नोकझोंक हुई, लेकिन बाद में दोनों के बीच अच्छी दोस्ती देखने को मिली।
इसके अलावा तेज प्रताप यादव के साथ उनकी बातचीत और खेल के दौरान बनाई गई रणनीतियों ने उन्हें लगातार चर्चा में बनाए रखा। घर के अंदर बदलते समीकरणों और अपने गेम प्लान के दम पर शहजाद ने फिनाले तक का सफर तय किया और आखिरकार ‘राइज एंड फॉल 2’ की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ शहजाद पूनावाला ने न सिर्फ रियलिटी शो का खिताब हासिल किया, बल्कि 35 लाख रुपये की पूरी इनामी राशि दान करने के ऐलान से भी सुर्खियां बटोरीं।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









