Koderma: कोडरमा जिले में कोडरमा-गिरिडीह मुख्य सड़क पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूर अशोक सोरेन की जान चली गई। नवलशाही थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अशोक सोरेन सोमवार शाम करीब सात बजे बाजार से घरेलू सामान और राशन खरीदकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में बाइक पर सवार एक युवक को मामूली चोट आई है।
अशोक मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के रहने वाले थे। वह परिवार के साथ कोडरमा के पहाड़पुर में रहते थे और प्रेम साव के क्रेशर पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत की खबर से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
Read More- कोडरमा में लापता विवाहिता का शव कुएं से बरामद, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते कोडरमा-गिरिडीह मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर नवलशाही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क से भीड़ हटाई और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की।
Read More- सात समंदर पार भी नहीं टूटी आस्था-अमेरिका में कोडरमा के कृष्णकांत और नीलम ने मनाया छठ महापर्व
बाइक सवार हिरासत में, जांच शुरू
पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, अशोक सोरेन के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जांच में अहम हो सकते हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









