Ranchi: झारखंड में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। हालांकि, राज्य में अब तक इबोला संक्रमण का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए सरकार ने अस्पतालों से लेकर सार्वजनिक परिवहन केंद्रों तक निगरानी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने रांची स्थित RIMS, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों और संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अस्पताल भारत सरकार की ओर से जारी इबोला संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें। संदिग्ध मरीज की जानकारी मिलते ही तत्काल रिपोर्टिंग, निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत जांच, आइसोलेशन और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बढ़ेगी निगरानी
स्वास्थ्य मंत्री ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। इसके लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्क्रीनिंग की व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है।
निर्देश के मुताबिक, किसी यात्री में संदिग्ध लक्षण या जोखिमपूर्ण यात्रा का इतिहास सामने आने पर निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुसार जांच और चिकित्सकीय कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और तैयारियों की लगातार समीक्षा करने को कहा गया है।
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और PPE किट की व्यवस्था
संभावित संक्रमण से निपटने के लिए अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, पर्याप्त PPE किट और जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया है। डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण नियंत्रण तथा सुरक्षित तरीके से मरीजों की देखभाल का प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
संदिग्ध मरीजों के सैंपल सुरक्षित तरीके से निर्धारित रेफरेंस लैब में भेजने और सभी 24 जिलों में 24 घंटे निगरानी, सूचना आदान-प्रदान तथा रिपोर्टिंग व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि रांची स्थित RIMS में 12 नवंबर को इबोला से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। इसका उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को संभावित आपात स्थिति के लिए पहले से तैयार करना है।
क्या है इबोला और कैसे फैलता है संक्रमण?
इबोला वायरस डिजीज एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, संक्रमण के बाद सामान्यतः 2 से 21 दिनों के भीतर इसके लक्षण दिखाई दे सकते हैं। शुरुआत में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी और थकान हो सकती है। गंभीर स्थिति में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और शरीर के विभिन्न हिस्सों से रक्तस्राव जैसे लक्षण भी सामने आ सकते हैं।
इबोला मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खून और शरीर के अन्य तरल पदार्थों के सीधे संपर्क से फैलता है। इन तरल पदार्थों से दूषित वस्तुओं के संपर्क में आने से भी संक्रमण का खतरा रहता है। यह सामान्य सर्दी-जुकाम की तरह हवा से नहीं फैलता।
‘घबराएं नहीं, लेकिन सावधानी जरूरी’: स्वास्थ्य मंत्री
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। झारखंड में अभी तक इबोला का कोई पुष्ट मामला नहीं मिला है, लेकिन विभाग किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतेगा। उन्होंने कहा कि बीमारी के मामले में समय पर पहचान और संक्रमण को फैलने से रोकना बेहद महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे इबोला को लेकर घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। हाथों की नियमित सफाई रखें और किसी संदिग्ध संक्रमण की स्थिति में खुद इलाज करने के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








