Koderma: कोडरमा जिले के डोमचांच में बुधवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना ढाब थाना क्षेत्र के पड़रिया चौक के समीप जंगल की है। मृतक की पहचान सतगावां थाना क्षेत्र के मरचोई पंचायत अंतर्गत गलवाती निवासी कन्हैया तुरी के रूप में हुई है।
मुंबई जाने की बात कहकर घर से निकला था
जानकारी के अनुसार, कन्हैया मंगलवार को मुंबई जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन बुधवार सुबह उसका शव जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई। देखते ही देखते आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर ढाब थाना प्रभारी निताय चंद्र शाह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे परिजन
मृतक के परिजनों ने इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कन्हैया का पिछले करीब छह वर्षों से जोड़ासीमर की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। युवती की शादी हो चुकी थी, लेकिन परिजनों के मुताबिक दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था।
Read More- Breaking News: झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, ग्रेड पे में बढो़तरी का प्रस्ताव पारित
परिजनों का आरोप है कि मुंबई जाने के दौरान युवती ने कन्हैया को मिलने के लिए अपने ससुराल बुलाया था। उन्होंने युवती के ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है।
हालांकि, घटना की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। थाना प्रभारी निताय चंद्र शाह के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। खबर लिखे जाने तक परिजनों ने थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया था।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









