Ranchi: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे और अंतिम दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के नए खनन संशोधन कानून के खिलाफ सदन में राजकीय संकल्प पेश किया। इसमें केंद्र से The Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Act, 2026 पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की गई है। संकल्प के पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
सरकार का कहना है कि नए कानून से राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त जमीन पर कर, उपकर तथा सेस लगाने की शक्तियां सीमित हो गई हैं। इतना ही नहीं, पुराने बकाया और वसूली नहीं हो सकी राशि से जुड़े दावों को भी अमान्य कर दिया गया है। इससे झारखंड के राजस्व पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है।
हर साल 13 हजार करोड़ के राजस्व नुकसान का अनुमान
विधानसभा में पेश प्रस्ताव के मुताबिक, नए कानून के लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। सरकार का तर्क है कि इससे सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाना मुश्किल होगा।
झारखंड सरकार ने खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और वंचित समुदायों के उत्थान के उद्देश्य से झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस अधिनियम, 2024 बनाया था। इसके माध्यम से सालाना लगभग 13 हजार करोड़ रुपये जुटाने की व्यवस्था की गई थी। राज्य सरकार का कहना है कि नए केंद्रीय कानून से इस प्रयास पर असर पड़ेगा।
आदिवासी और विस्थापित परिवारों की चिंता
प्रस्ताव में कहा गया है कि झारखंड के खनन क्षेत्रों में आदिवासी, दलित, पिछड़े और अन्य कमजोर वर्गों के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। खनन के कारण इन्हें विस्थापन, जमीन से बेदखली, पर्यावरणीय नुकसान और सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में खनिज राजस्व का उपयोग प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए जरूरी है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया हवाला
राज्य सरकार ने जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की नौ न्यायाधीशों वाली संविधान पीठ के Mineral Area Development Authority बनाम Steel Authority of India Ltd. मामले में दिए गए फैसले का भी हवाला दिया है। फैसले के मुताबिक, खनिजयुक्त भूमि पर कर लगाने का अधिकार राज्यों को संविधान की सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि 49 के तहत प्राप्त है।
संकल्प में केंद्र से मांग की गई है कि राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए नए कानून पर पुनर्विचार किया जाए। सरकार का कहना है कि झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों को अपने संसाधनों से होने वाली आय का इस्तेमाल स्थानीय विकास और प्रभावित समुदायों के कल्याण के लिए करने का अधिकार मिलना चाहिए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







