भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया संघर्षविराम (सीजफायर) के बाद देश की सुरक्षा रणनीति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज बुधवार को कैबिनेट और कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की महत्वपूर्ण बैठकें होने जा रही हैं. कैबिनेट की बैठक के पहले CCS की बैठक आयोजित की जाएगी.
CCS की बैठक में हो सकते हैं बड़े फैसले
सूत्रों के मुताबिक, CCS की बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, जिनमें हाल ही में संपन्न ‘ऑपरेशन सिंदूर’, 23 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले की जांच, और सीजफायर के बाद की सुरक्षा स्थिति शामिल हैं. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रक्षा मंत्री, गृह मंत्री, वित्त मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल भी शामिल होंगे. इसके अलावा, रक्षा, गृह और विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और खुफिया एजेंसियों द्वारा प्रस्तुत इनपुट्स पर भी विचार होगा.
पहलगाम हमले के बाद यह तीसरी CCS बैठक
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह CCS की तीसरी बैठक है. पहली बैठक में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया था, जबकि दूसरी बैठक 30 अप्रैल को हुई थी जिसमें जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई और सेना को आतंकियों के खिलाफ खुली छूट दी गई थी. इसके बाद ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया गया, जिसमें भारत ने पाकिस्तान और आतंकियों को करारा जवाब दिया.
भविष्य की सुरक्षा रणनीति पर होगा निर्णय
आज की बैठक में यह तय किया जा सकता है कि पाकिस्तान की भविष्य में किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का भारत किस प्रकार जवाब देगा. इसके अलावा, सीजफायर के बावजूद सीमाओं पर बनी सुरक्षा चुनौतियों, आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और जम्मू-कश्मीर की मौजूदा स्थिति को लेकर भी उच्च स्तरीय मंथन किया जाएगा.













