Jharkhand: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय ने झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह से लचर हो चुकी है। शुक्रवार को सिंदरी में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वोट की राजनीति के चलते स्थानीय नीति बनाने से कतरा रही है। सरकार जानबूझकर 1932 के खतियान को स्थानीय नीति का आधार बना रही है, जबकि यह संविधानिक दृष्टिकोण से टिकाऊ नहीं है।
सरयू राय ने बताया कि झारखंड सरकार ने केंद्र से आग्रह किया है कि प्रस्तावित स्थानीय नीति को संविधान की नौंवीं अनुसूची में शामिल किया जाए। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि नौंवीं अनुसूची में शामिल विषयों की भी न्यायिक समीक्षा की जा सकती है। ऐसे में स्थानीय नीति पर पुनर्विचार की आवश्यकता है।
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए राय ने कहा कि झारखंड सरकार नई शिक्षा नीति को लागू करने में पूरी तरह असफल रही है। स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है और सुरक्षा की अनदेखी के कारण लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। शिक्षा परियोजना विभाग को उन्होंने ‘निकम्मापन का अड्डा’ करार दिया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा कई स्कूलों को अपग्रेड तो किया गया है, लेकिन वहां पढ़ाई अब भी पुराने शिक्षकों के भरोसे चल रही है।
चिकित्सा सेवाएं भी बेहाल
चिकित्सा व्यवस्था की दुर्दशा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के अस्पताल आउटसोर्सिंग के भरोसे चल रहे हैं। टाटा के महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल का नया भवन तो तैयार है, लेकिन उसमें पानी की व्यवस्था तक नहीं की गई है। यह सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाता है।
बाघमारा के ग्रामीणों के समर्थन में आए सरयू राय
प्रेसवार्ता के दौरान सरयू राय ने बाघमारा के लेढ़ीडूमर और दरिदा गांव के ग्रामीणों की जमीन से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने बताया कि इन गांवों के आदिवासी और मुस्लिम समुदाय के लोगों की लगभग 100 एकड़ जमीन पर जबरन घेराबंदी की गई है। विधानसभा में 7 मार्च को इस मुद्दे पर जवाब दिया जाना था, लेकिन सरकार ने एक दिन पहले ही अतिक्रमण हटाने का निर्देश जारी कर दिया।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बावजूद बाघमारा के सीओ ने उन्हें ही अतिक्रमणकारी घोषित कर दिया, जो प्रशासनिक तंत्र की विडंबना को दर्शाता है। सरयू राय ने आरोप लगाया कि तात्कालिक बाघमारा विधायक और वर्तमान सांसद ढुलू महतो ने ग्रामीणों की जमीन घेरकर जेल से भी ऊंची दीवार खड़ी करवा दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे ग्रामीणों को हर हाल में न्याय दिलाकर रहेंगे।
प्रेसवार्ता में कई नेता रहे मौजूद
इस प्रेसवार्ता का आयोजन लायंस क्लब सिंदरी के एडमिनिस्ट्रेटर प्रशांत पाण्डेय के आवास पर किया गया था। इस अवसर पर पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय झा, जदयू नेता सुशील सिंह, गौतम मंडल, शैलेन्द्र द्विवेदी समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









