Jharkhand: झारखंड की सियासत में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा लगाए गए आरोपों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने तीखा पलटवार किया है। पांडेय ने कहा कि बाबूलाल मरांडी के पास अगर कोई ठोस सबूत हैं तो उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना चाहिए, न कि मीडिया के ज़रिए सनसनी फैलानी चाहिए।
विनोद पांडेय ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा द्वारा लगाए गए आरोप केवल राजनीतिक हताशा और दिवालियापन को दर्शाते हैं। बाबूलाल जी का सम्मान हम करते हैं, लेकिन आज वे भाजपा के एजेंडे का हिस्सा बन चुके हैं और झूठ का सहारा ले रहे हैं।”
‘झामुमो त्याग और संघर्ष से निकली पार्टी है’
विनोद पांडेय ने झामुमो के इतिहास को याद दिलाते हुए कहा कि पार्टी ने आदिवासियों और वंचित तबकों के हक के लिए दशकों तक संघर्ष किया है। उन्होंने सवाल किया कि “बाबूलाल जी ने नगड़ी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के लिए बतौर मुख्यमंत्री क्या किया? भाजपा के कार्यकाल में इन मुद्दों को कितनी प्राथमिकता दी गई?”
‘हेमंत सरकार के काम से भाजपा में बेचैनी’
झामुमो महासचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है – सामाजिक, आर्थिक, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा कि जनता बार-बार उन्हें नकार रही है, और 2029 में भी हेमंत सरकार सत्ता में लौटेगी।
‘बाबूलाल मरांडी अब भाजपा के मुखौटा’
विनोद पांडेय ने कहा कि बाबूलाल मरांडी अब भाजपा की रणनीति का हिस्सा बन गए हैं, और उनके संघर्ष की छवि का भाजपा केवल उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा, “अगर उनके पास सबूत हैं, तो अदालत जाएं। लेकिन वह मीडिया में राजनीतिक बेचारे बनने का प्रयास कर रहे हैं, जो उनकी गिरती राजनीति का संकेत है।”
‘भाजपा भ्रम और विभाजन की राजनीति करती है’
भाजपा पर तीखा हमला करते हुए पांडेय ने कहा, “भाजपा जब सत्ता में होती है, तब प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करती है। झारखंड की जनता अब भाजपा की असलियत समझ चुकी है। जबकि हेमंत सरकार विकास, सामाजिक न्याय और शांति की राजनीति करती है।”
विनोद पांडेय की कविता भाजपा पर तीखा व्यंग्य
“वो एक समंदर खंगालने में लगे हुए हैं,
हमारी कमियां निकालने में लगे हुए हैं।
जिनकी अपनी लंगोटियां तक फटी हुई हैं,
वो हमारी पगड़ी उछालने में लगे हुए हैं।”












