लोयाबाद: झारखंड में लगातार हो रही बारिश से लोयाबाद का सिजुआ क्षेत्र स्थित तीन प्रमुख कोलियरी बांसजोड़ा, बासदेवपुर और कनकनी बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। भारी बारिश के कारण तीनों कोलियरी में उत्पादन कार्य पूरी तरह ठप हो गया है और सभी वाहन माइंस के बाहर खड़े कर दिए गए हैं।
read more: 30 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए सीओ शैलेश कुमार
बासदेवपुर स्थित कार्यालय की छत से टपक रहा पानी
बासदेवपुर कोलियरी में स्थित कार्यालय भवन की छत से पानी टपक रहा है, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों को कागजी कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परियोजना प्रबंधक, कार्मिक विभाग, सर्वे कार्यालय, हाजिरी घर, गार्ड रूम, हॉलपेक टूल्स रूम और फीटर रूम की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। छतें जर्जर हो चुकी हैं और मरम्मत की सख्त जरूरत है। तो वहीं कनकनी कोलियरी में भी बारिश के कारण काम पूरी तरह बंद पड़ा है, जबकि सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन करीब 4000 टन ओवरबर्डन और कोयले का उत्पादन होता है। बांसजोड़ा कोलियरी में डिस्पैच कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
read more: शराब घोटाले मामला: उत्पाद विभाग पहुंची एसीबी की टीम, कई दस्तावेज ले गई अपने साथ
अस्पतालों में भी रिसाव, स्वास्थ्य सेवाएं बाधित
लोयाबाद क्षेत्रीय अस्पताल और कोलियरी डिस्पेंसरी भी बारिश की मार से अछूते नहीं रहे। दोनों संस्थानों की छतों से पानी टपक रहा है, जिससे इलाज में परेशानी आ रही है और अस्पताल के अंदर पानी भर रहा है। जबकि बांसजोड़ा के 12 नंबर इलाके में बारिश के बाद जहरीली गैस और धुएं का रिसाव बढ़ गया है। इलाके में दुर्गंध फैलने से स्थानीय ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
बारिश से बढ़ते परेशानियों को देखते हुए प्रशासन का बयान सामने आया है। प्रशासनिक अदिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही सभी प्रभावित भवनों की मरम्मत कराई जाएगी। प्रक्रिया कागजी कार्यवाही में है और सिविल इंजीनियर को हालात से अवगत करा दिया गया है।












