Ranchi : उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारियों एवं निर्माण कार्य में लगी एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ जिले में चल रही विभिन्न सड़क परियोजनाओं की कार्य प्रगति से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने एक-एक कर सभी सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में कार्य प्रगति धीमी है, उसे शीघ्र गति प्रदान करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करें। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य आमजन की सुविधा एवं विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है, अतः इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीसी ने अधिकारियो को दिये कई निर्देश
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से यह भी पूछा कि कहीं कोई कार्य जिला प्रशासन के स्तर पर लंबित तो नहीं है, या किसी प्रकार का विवाद या अड़चन तो नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य सुचारु रूप से पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें तथा जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वाेपरि रखी जाए।
बैठक में रैयतों को मुआवजा भुगतान की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में मुआवजा भुगतान लंबित है, उसे शीघ्र निपटाया जाए ताकि कार्य की निरंतरता बनी रहे।
सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर की निर्माण प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण या अनधिकृत निर्माण करने वालों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी सड़क परियोजनाएं समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी हों।
बैठक में अपर समाहर्ता रांची राम नारायण सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के. के. राजहंस, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग विनोद कच्छप, एसडीओ सुमन कुमार, प्रवीण कुमार सहित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











