रांची: आजसू पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की अध्यक्षता में रांची के बुकरू स्थित उनके आवास पर हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में 11 अक्टूबर को गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। पार्टी के अनुसार, इसके बाद दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसे कार्यक्रम किए जाएंगे।
जनमुद्दों को लेकर मुखर होने पर जोर
बैठक में सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति के केंद्र में राज्य की जनता से जुड़े सवाल होने चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के अधिकार, सम्मान और विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
युवाओं से रोजगार और शिक्षा पर होगा संवाद
आजसू के अनुसार, ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं से रोजगार, शिक्षा, अवसर, नेतृत्व और झारखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सीधा संवाद किया जाएगा।
11 अक्टूबर को पीरटांड़ में होने वाले कार्यक्रम के बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी युवा संवाद आयोजित करने की योजना है।
जिला और प्रखंड समितियों की समीक्षा
बैठक में जिला समितियों के कामकाज की समीक्षा की गई। जिला और प्रखंड स्तर पर संगठन के पुनर्गठन को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
पार्टी की ओर से कहा गया कि आजसू की राजनीतिक पहचान झारखंड आंदोलन की विचारधारा, जनसरोकार और जमीनी संघर्ष से जुड़ी रही है। इसी क्रम में स्थानीय समस्याओं को लेकर संगठन की गतिविधियों को गांव और पंचायत स्तर तक ले जाने तथा जरूरत पड़ने पर जनमुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और हसन अंसारी तथा मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











