Ranchi: भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने SIR को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित की जा रही चौपालों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस चौपाल के नाम पर जनता के बीच भ्रम फैलाना बंद करे। आखिर कांग्रेस इन चौपालों के माध्यम से क्या साबित करना चाहती है? क्या वह यह संदेश देना चाहती है कि घुसपैठियों को भी मतदाता सूची में बनाए रखा जाए? कांग्रेस को इस सवाल का जवाब देना चाहिए।
जनता को गुमराह करना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक कार्यशैली रही है
बाउरी ने कहा कि यदि किसी पात्र भारतीय मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटा है तो कांग्रेस को तथ्यों और प्रमाणों के साथ चुनाव आयोग के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करानी चाहिए। इसके लिए संवैधानिक व्यवस्था मौजूद है। केवल चौपाल लगाकर राजनीतिक नाटक-नौटंकी करना और जनता को गुमराह करना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक कार्यशैली रही है। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर बेबुनियाद भ्रम फैलाना उचित नहीं है।
Read More- कोडरमा में चंदवारा थाना प्रभारी प्रेम कुमार निलंबित, धनेश्वर कुमार को मिली जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है। कांग्रेस के शासनकाल में 10 बार और भाजपा के कार्यकाल में दो बार यह प्रक्रिया अपनाई गई है। यह पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा आज इस प्रक्रिया पर सवाल उठाना उसकी दोहरी राजनीति को उजागर करता है।
Read More- मंईयां सम्मान योजना के पैसे से पति ने खरीद लिया स्मार्टफोन-पत्नी ने दे दी जान!
किसी तरह की गड़बड़ी नजर आती है तो प्रमाण प्रस्तुत करे
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरफ संविधान और कानून के सम्मान की बात करती है, दूसरी तरफ चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है। यदि कांग्रेस को किसी तरह की गड़बड़ी नजर आती है तो वह प्रमाण प्रस्तुत करे। केवल राजनीतिक प्रपंच से संवैधानिक प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास नहीं होना चाहिए।
Read More- Breaking News: 18 नवंबर को झारखंड कैबिनेट की अहम बैठक, इन प्रस्तावों पर लगेगी मुहर
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है, देश लगातार आगे बढ़ रहा है। भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा मजबूत हो रही है। लेकिन कांग्रेस हर वह काम करती है जिससे देश कमजोर हो। कांग्रेस को जनता को गुमराह करने की बजाय यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों के साथ खड़ी है या घुसपैठियों को मतदाता सूची में बनाए रखने की राजनीति कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







