BiharNews: भोजपुरी फिल्मों के पावरस्टार पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार किसी फिल्म या गाने को लेकर नहीं, बल्कि उनके घर में हुई बड़ी चोरी को लेकर। रविवार रात (23 जून) को आरा नगर थाना क्षेत्र के मझौवा वार्ड नंबर 5 स्थित उनके घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया और करीब 15 लाख रुपये के जेवरात, 15 हजार रुपये नकद, और 30 राइफल की गोलियों पर हाथ साफ कर दिया।
कैसे हुई वारदात?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चोर खिड़की के रास्ते घर में घुसे। वारदात के वक्त घर के अंदर पवन सिंह के ससुराल पक्ष के सदस्य कलावती देवी और सुनील कुमार सिंह सो रहे थे। उन्हें घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह दरवाजा नहीं खुला। बाहर जाकर देखने पर पता चला कि खिड़की को पेचकस से जबरन खोला गया था।
क्या-क्या ले गए चोर?
चोरी गए गहनों की लिस्ट इस प्रकार है:
- दो सोने की चूड़ियां
- एक लक्ष्मी चेन
- एक नवाबी चेन
- एक मंगलसूत्र
- दो सिकड़ी
- दो अंगूठियां
- चार जोड़ी छागल (झुमके)
इन सभी आभूषणों की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा चोर 15,000 रुपये नकद और 30 गोलियां (राइफल की) भी ले गए।
पुलिस और फोरेंसिक टीम एक्टिव
घटना की सूचना मिलते ही पवन सिंह के बड़े भाई रानू सिंह मौके पर पहुंचे और नगर थाना में FIR दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि चोर घर में रखी राइफल चुराने में नाकाम रहे, लेकिन उसकी गोलियां जरूर गायब हैं।
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) को घटना की जानकारी दे दी गई है और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और इलाके की तलाशी भी शुरू हो चुकी है।













