Ranchi: भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा झारखंड में 13 से 20 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसकी शुरुआत 13 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी के उलिहातू से तीन दिवसीय पदयात्रा के साथ होगी। करीब 65 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा 15 नवंबर को रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर समाप्त होगी। इसके बाद राज्य के अलग-अलग प्रमंडलों में जनसभाएं और सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की जानकारी भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई।
13 नवंबर को उलिहातू से शुरू होगी पदयात्रा
भाजपा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 नवंबर को सुबह 10 बजे उलिहातू से पदयात्रा शुरू होगी। यह यात्रा सायको मोड़ और झिलकिता मोड़ होते हुए खूंटी पहुंचेगी। शाम 6 बजे खूंटी स्थित भाजपा कार्यालय में पहले दिन की यात्रा समाप्त होगी। इसके बाद कार्यकर्ता रात्रि विश्राम करेंगे।
14 नवंबर को खूंटी से रांची पहुंचेगी यात्रा
पदयात्रा के दूसरे दिन 14 नवंबर को सुबह 10 बजे खूंटी से यात्रा आगे बढ़ेगी। निर्धारित मार्ग के अनुसार, यात्रा कलामाटी, तुपुदाना चौक, हटिया चौक, बिरसा चौक और अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल) होते हुए शाम 6 बजे बिरसा मुंडा संग्रहालय, जेल चौक रांची पहुंचेगी।
15 नवंबर को कोकर में होगा पदयात्रा का समापन
15 नवंबर को सुबह 9 बजे बिरसा मुंडा संग्रहालय से पदयात्रा शुरू होगी। इसमें भाजपा प्रदेश और रांची के तीनों संगठनात्मक जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। सुबह 11 बजे यात्रा कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। पार्टी के अनुसार, पूरी पदयात्रा की कुल दूरी लगभग 65 किलोमीटर निर्धारित की गई है।
17 से 20 नवंबर तक प्रमंडलवार जनसभाएं और सम्मेलन
पदयात्रा के समापन के बाद भाजपा की ओर से अलग-अलग प्रमंडलों में जनसभाएं और सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
- 17 नवंबर: दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के तहत गुमला जिले के सिसई रेडवा बगीचा और रायडीह में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
- 18 नवंबर: संथाल परगना प्रमंडल का कार्यक्रम भोगनाडीह में होगा, जिसमें साहेबगंज, पाकुड़, दुमका और गोड्डा की भागीदारी रहेगी। इसी दिन कोल्हान प्रमंडल का कार्यक्रम चाईबासा में आयोजित होगा। इसमें चाईबासा, चक्रधरपुर, सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर सहित पूर्वी सिंहभूम के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
- 19 नवंबर: रांची के सिलागाई में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का कार्यक्रम होगा। इसमें रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी और लोहरदगा की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम में आदित्य साहू, दीपक प्रकाश, समीर उरांव, सुदर्शन भगत, दिनेश उरांव और राम कुमार पाहन समेत अन्य नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
- 20 नवंबर: गुमला जिले के चिंगरी विशुनपुर में एक अन्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें शिवशंकर उरांव, अरुण उरांव, गंगोत्री कुजूर और कमलेश उरांव समेत अन्य नेता शामिल होंगे।
15 नवंबर को मनाई जाती है भगवान बिरसा मुंडा की जयंती
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। अंग्रेजी शासन के खिलाफ उनके संघर्ष और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए आंदोलन को याद करते हुए उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। भाजपा ने भी इस अवसर पर पदयात्रा, जनसभाओं और सम्मेलनों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विचारों को लोगों तक पहुंचाने का कार्यक्रम निर्धारित किया है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







