Giridih: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत बलिया पंचायत के पहरियाडीह टोला गढ़ावा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अमीर अंसारी की पत्नी गुड़िया खातून के रूप में हुई है।
महिला का शव घर के अंदर दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। हालांकि शव की स्थिति और नाक से खून निकलने की जानकारी सामने आने के बाद मामला और भी संदिग्ध हो गया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
हत्या को आत्महत्या का रूप देने की साजिश?
मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की साजिश बताया है। मृतका की मां नुमा बीबी का आरोप है कि उनकी बेटी के शरीर पर चोट के कई निशान थे और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ की। इस दौरान फ्रिज, खिड़कियां, बिजली के तार समेत कई सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए। गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खुल जाने से गैस रिसाव भी शुरू हो गया, लेकिन पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
आक्रोशित ग्रामीणों का हंगामा
भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और करीब पांच घंटे तक समझाने के बाद परिजनों को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









