Ranchi: धुर्वा स्थित अंतरराष्ट्रीय जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए स्टेडियम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दर्शकों के लिए प्रवेश दोपहर 3 बजे से शुरू होगा
प्रशासन के मुताबिक, दर्शकों के लिए प्रवेश दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। इससे पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास जमा नहीं होने दिया जाएगा। दर्शकों को निर्धारित गेट से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से समय से पहले पहुंचकर कतार में लगने की अपील की है।
स्टेडियम में प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ प्रवेश नहीं करने की भी अपील की गई है। जिला प्रशासन ने शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने को कहा है।
समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
बैठक में अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मैच का आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एडीएम विधि-व्यवस्था धनंजय, एसडीओ सदर कुमार रजत, एसपी सिटी पारस राणा, एसपी ट्रैफिक राकेश सिंह समेत जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







