Breaking News: धनबाद से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर पर बुलडोजर चलाया है। पुलिस की टीम बुलडोजर के साथ प्रिंस खान के घर पर पहुंची और घर को तोड़ना शुरु कर दिया।
निरसा विधायक अरूप चटर्जी को फोन पर दी थी धमकी
बताते चलें कि प्रिंस खान के द्वारा निरसा विधायक अरूप चटर्जी को फोन, व्हाट्सएप मैसेज और ऑडियो के जरिए कथित तौर पर धमकी मिलने के बाद धनबाद पुलिस ने वासेपुर स्थित उसके घर पर कुर्की-जप्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी। शनिवार सुबह एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
Breaking News: 24 घंटे के भीतर रकम देने की धमकी
विधायक अरूप चटर्जी के अनुसार, प्रिंस खान लगातार उन्हें फोन कर रहा था। कॉल रिसीव नहीं करने पर व्हाट्सएप के जरिए पैसे की मांग करते हुए 24 घंटे के भीतर रकम देने की धमकी दी गई। ऑडियो संदेश में कोयले के कारोबार का भी उल्लेख किया गया था। इसके बाद विधायक ने धनबाद एसएसपी से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
Breaking News: प्रिंस खान पर हत्या, रंगदारी, फायरिंग के कई मामले दर्ज
पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान लंबे समय से फरार है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, धमकी और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उसके खिलाफ पहले ही कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया जा चुका है। इसी आदेश के तहत शनिवार को कार्रवाई की गई।
धनबाद पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में छिपा हुआ है और सोशल मीडिया तथा इंटरनेट कॉलिंग के जरिए अपने गिरोह का संचालन कर रहा है। पुलिस का कहना है कि उसके नेटवर्क को पूरी तरह कमजोर करने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से यह साफ संकेत गया है कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









