Breaking News: एशियन गेम्स 2026 के विमेंस क्रिकेट सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई। अब 22 सितंबर को फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा।
भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह शेफाली वर्मा की शानदार बल्लेबाजी रही। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। उनकी पारी में 9 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। शेफाली ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की।
स्मृति मंधाना ने भी 19 गेंदों पर 37 रन की तेज पारी खेली। इस दौरान वह महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं।
गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि श्री चरणी को दो सफलता मिलीं। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही बांग्लादेश पर दबाव बनाए रखा और पूरी टीम को 81 रन पर रोक दिया।








