बीएसएफ कॉन्स्टेबल पूर्णम कुमार शॉ, जो लगभग 20 दिनों से पाकिस्तान की हिरासत में थे, अब सकुशल भारत लौट आए हैं. उन्हें पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए भारत को सौंपा गया. सुबह 10:30 बजे पूर्णम की घर वापसी हुई, जिसके बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं.
कैसे पहुंचे पाकिस्तान?
पूर्णम कुमार गलती से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पाकिस्तान पहुंच गए थे. बता दें वह पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में तैनात थे, जहां से वह सीमा पार कर गए. इसके बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
परिवार की प्रतिक्रिया
पूर्णम की गैरमौजूदगी ने उनके परिवार को गहरे तनाव में डाल दिया था. उनकी पत्नी राजनी ने आशा जताई थी कि डीजीएमओ (DGMO) वार्ता में इस मुद्दे को उठाया जाएगा. उन्होंने कहा था कि जब 3 मई को राजस्थान में एक पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया गया, तब उन्हें उम्मीद थी कि उनके पति को भी रिहा किया जाएगा.
राजनी ने बताया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद फोन कर समर्थन और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था. मुख्यमंत्री ने उनके ससुरालवालों की चिकित्सा सहायता की भी बात कही. वहीं, पूर्णम कुमार शॉ की सकुशल वापसी भारत और उनके परिवार के लिए बड़ी राहत लेकर आई है.













