Ranchi: ‘चित्रपट झारखंड’ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल का दूसरा दिन सिनेमा, कला और तकनीकी ज्ञान के नाम रहा। फेस्टिवल के दूसरे दिन विभिन्न विधाओं की कुल 34 फिल्मों की सफल स्क्रीनिंग की गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में फिल्म प्रेमी और युवा प्रतिभागी उमड़े। फिल्मों के प्रति दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
दूसरे दिन मोबाइल फिल्म मेकिंग कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को मोबाइल के माध्यम से फिल्म निर्माण की तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी गई। यह कार्यशाला प्रतिभागियों के कौशल और तकनीकी ज्ञान को विकसित करने में उपयोगी सिद्ध हुई।
मोबाइल से फिल्म मेकिंग-युवाओं को मिला नया हुनर
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत झारखंड फिल्म एंड थिएटर एसोसिएशन (जेएफटीए) के कलाकारों ने तीन प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों “वो पागल नहीं, बीमार था”, “खामोशी कब तक” तथा “गरीबदास का शून्य” (पद्मश्री अशोक चक्रधर की कविता पर आधारित) का मंचन किया। कलाकारों के सशक्त अभिनय और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इन नाटकों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया तथा फिल्म फेस्टिवल के वातावरण को और भी जीवंत बना दिया।
इस तीन दिवसीय भव्य फिल्म फेस्टिवल का समापन समारोह कल दोपहर 3:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समापन सत्र में विभिन्न श्रेणियों की विजेता फिल्मों और उनके निर्देशकों व कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा, जिसके साथ ही इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ का औपचारिक समापन होगा।










