Ranchi: रांची के डोरंडा स्थित मणिटोला फिरदौस नगर की खानकाह मज़हरिया मुनअमिया में शनिवार को बाद नमाज़-ए-मग़रिब हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में रूहानी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम खानकाह के सज्जादा नशीन पीर-ए-तरीक़त रहबर-ए-शरीयत अल्हाज सैय्यद शाह अलकमा शिब्ली कादरी की सरपरस्ती में संपन्न हुआ।
बड़ी संख्या में लोगों ने की शिरकत
कार्यक्रम की शुरुआत हल्क़ा-ए-ज़िक्र से हुई, जिसके बाद ज़िक्र-ए-इमाम हुसैन (अ.स.) पेश किया गया। इसमें कर्बला की शिक्षाओं, सब्र, कुर्बानी और इंसाफ़ के संदेश पर प्रकाश डाला गया। अंत में फ़ातिहाख़्वानी और सलातो-सलाम के साथ मुल्क, राज्य और पूरी दुनिया में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।
कार्यक्रम के बाद अकीदतमंदों के बीच शर्बत और लंगर-ए-हुसैनी का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लेकर इमाम हुसैन (अ.स.) को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर मौलाना और कई धार्मिक विद्वानों के साथ सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और मानवता, सत्य व न्याय के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।










