Koderma: नाबालिग बच्ची के साथ कथित यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें कोडरमा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में शिफ्ट किया गया। रविवार को पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेजा गया था। उनकी स्थिति सामान्य होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बच्ची ने मेडिकल जांच कराने से इनकार किया
इधर, मामले में पीड़िता की मेडिकल जांच अब तक पूरी नहीं हो सकी है। जांच अधिकारी एवं महिला थाना प्रभारी हेमा कुमारी के अनुसार, रविवार देर शाम बच्ची को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया था, लेकिन उसने जांच कराने से इनकार कर दिया। पुलिस का आरोप है कि बच्ची के माता-पिता ने भी जांच नहीं कराने का दबाव बनाया। हालांकि, इस संबंध में परिजनों का पक्ष सामने नहीं आया है।
रविवार देर शाम पीड़िता के माता-पिता कोडरमा पहुंचे थे। इसके बाद मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन यह पूरी नहीं हो सकी। फिलहाल बच्ची को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। पुलिस उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।
Read More- कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार हिरासत में, नाबालिग से यौन शोषण का आरोप
बयान दर्ज होने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी
पुलिस सोमवार को पीड़िता का न्यायालय के समक्ष दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की तैयारी में है। साथ ही, दोबारा मेडिकल जांच कराने का प्रयास किया जा रहा है। जांच एजेंसी को पीड़िता के बयान का इंतजार है। बयान दर्ज होने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल, आरोपों की जांच जारी है और मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








