Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बिनय सिन्हा दीपू ने सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य में “अनुसूचित जाति आयोग” और “स्वर्ण जाति कल्याण आयोग” के गठन की मांग की है। उन्होंने कहा कि राज्य में सामाजिक न्याय, समान अवसर और सभी वर्गों के संतुलित विकास के लिए इन आयोगों का गठन बेहद जरूरी है।
पत्र में कहा गया है कि अनुसूचित जाति समाज के लोगों को आज भी शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गांव और दूरदराज के इलाकों में योजनाओं का सही लाभ नहीं पहुंच पा रहा है। इसके अलावा सामाजिक भेदभाव, उत्पीड़न और बेरोजगारी जैसी समस्याओं के समाधान के लिए एक मजबूत आयोग की जरूरत बताई गई है।
शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा पर जोर
वहीं, स्वर्ण जाति कल्याण आयोग की मांग करते हुए कहा गया कि आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग (EWS) के कई परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। गरीब सामान्य वर्ग के युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत है। आयोग बनने से गरीब स्वर्ण परिवारों की बेटियों की शिक्षा और विवाह सहायता जैसी योजनाओं को भी बढ़ावा मिल सकेगा।
पत्र में दोनों आयोगों के संभावित कार्यों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की निगरानी, महिलाओं और युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण, माइक्रो उद्योग और स्वरोजगार को बढ़ावा देने जैसी बातें शामिल हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इन आयोगों के गठन से समाज के सभी कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को न्याय, सम्मान और विकास के नए अवसर मिलेंगे तथा झारखंड सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा।







