Ranchi : राजधानी रांची के कोकर इलाके से लापता 18 माह की मासूम बच्ची अदिति पांडेय की तलाश अब और तेज हो गई है। कई दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद जब पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा, तो अब इस अभियान में एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को शामिल किया गया है।
NDRF ने संभाला मोर्चा, नाले में तलाशी शुरू
सोमवार को NDRF की टीम बच्ची के घर के समीप स्थित खोरहा टोली पहुंची। टीम ने बच्ची के घर के पास से गुजरने वाले गहरे नाले में व्यापक सर्च अभियान शुरू किया है। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची कहीं अनजाने में नाले की चपेट में न आ गई हो। गोताखोरों और विशेषज्ञों की टीम नाले के हर कोने को खंगाल रही है।
ड्रोन से निगरानी और भारी पुलिस बल तैनात
पुलिस प्रशासन इस मामले में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहता। सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में सदर और खेलगांव थाना की पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। पूरे क्षेत्र के नालों और पास की नदी की जांच के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है, ताकि दुर्गम स्थानों पर भी नजर रखी जा सके।
परिजनों की बढ़ती चिंता और प्रशासनिक दबाव
जैसे-जैसे समय बीत रहा है, परिजनों की धड़कनें तेज होती जा रही हैं। भाजपा और अन्य संगठनों के दबाव के बाद पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है।







