Dhanbad: धनबाद जिले के चिरकुंडा में गुप्त सूचना के आधार पर मैथन पुलिस ने गुरुवार को NH-19 पर मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22 मवेशियों से लदे छह चक्का कंटेनर को जब्त किया। पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। जब्त वाहन का नंबर WB 37D 8534 बताया गया है।
14 बड़े मवेशी और आठ बछड़े, कुल 22 मवेशी बरामद
पुलिस के अनुसार, वाहन की जांच के दौरान उसमें 14 बड़े मवेशी और आठ बछड़े, कुल 22 मवेशी लदे मिले। चालक से मवेशियों से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
बिहार के जमुई से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था
बताया जा रहा है कि मवेशियों को बिहार के जमुई से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी 22 मवेशियों को कब्जे में लेकर कतरास गौशाला भेज दिया है। वहीं, गिरफ्तार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से मवेशी तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










