Ranchi: दिल्ली से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2614 गुरुवार को टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। एयरबस A321 विमान के एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम में आई खराबी के कारण विमान में सवार 168 यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक भीषण गर्मी और घुटन का सामना करना पड़ा। यात्रियों के लगातार विरोध और हंगामे के बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ान रोक दी और विमान को रनवे से वापस लौटा लिया।
निर्धारित समय के अनुसार फ्लाइट दोपहर 2:40 बजे दिल्ली से रांची के लिए रवाना होनी थी और शाम 4:30 बजे रांची पहुंचने का समय तय था। हालांकि, विमान में AC सिस्टम के काम नहीं करने के बावजूद उसे रनवे तक ले जाया गया और टेकऑफ की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
“कहा गया उड़ान भरने के बाद चलने लगेगा AC”
विमान में मौजूद एक यात्री के अनुसार, केबिन के भीतर लगातार बढ़ती गर्मी के कारण यात्रियों की हालत खराब होने लगी। शिकायत करने पर क्रू मेंबर्स ने उन्हें आश्वासन दिया कि टेकऑफ के बाद एयर कंडीशनिंग सामान्य रूप से काम करने लगेगी, लेकिन काफी देर तक स्थिति जस की तस बनी रही।
करीब डेढ़ घंटे तक विमान के भीतर बैठे यात्रियों को घुटन और असहज माहौल का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ने पर कई यात्रियों ने विरोध शुरू कर दिया, जिसके दौरान क्रू और यात्रियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
टेकऑफ से पहले पायलट ने लिया बड़ा फैसला
जब विमान उड़ान भरने ही वाला था, तभी पायलट ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टेकऑफ रोकने का निर्णय लिया। इसके बाद विमान को रनवे से वापस पार्किंग बे में लाया गया। इस फैसले से यात्रियों ने राहत की सांस ली, हालांकि लंबे इंतजार और असुविधा को लेकर नाराजगी बनी रही।
Ranchi News: शाम 6:30 बजे दूसरी फ्लाइट से भेजे गए यात्री
इंडिगो ने बाद में सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की। शाम करीब 6:30 बजे दूसरी फ्लाइट से यात्रियों को रांची रवाना किया गया, जो रात करीब 8 बजे सुरक्षित रूप से रांची एयरपोर्ट पहुंची।
उधर, रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों के परिजन घंटों तक इंतजार करते रहे। उड़ान में देरी के कारण वे लगातार एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों से जानकारी लेते नजर आए।
यात्रियों ने लगाए गंभीर आरोप
यात्रियों का आरोप है कि AC खराब होने के बावजूद विमान को रनवे तक ले जाना यात्रियों की सुरक्षा के साथ बड़ा जोखिम था। उनका कहना है कि यदि समय रहते विरोध नहीं किया जाता, तो कोई गंभीर हादसा भी हो सकता था।
यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान क्रू मेंबर्स का व्यवहार सहयोगात्मक नहीं था। उन्हें बार-बार यह कहकर आश्वस्त किया जाता रहा कि टेकऑफ के बाद AC काम करने लगेगा। वहीं, लंबे इंतजार के दौरान यात्रियों को केवल एक छोटा फ्रूटी पैक और मिक्सचर का छोटा पैकेट नाश्ते के रूप में दिया गया, जिससे उनकी नाराजगी और बढ़ गई।
एयरलाइन का बयान
इंडिगो की ओर से कहा गया कि यात्रियों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विमान में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यात्रियों को वैकल्पिक विमान से उनके गंतव्य तक भेजा गया।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








