Hazaribagh: हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान छह माह के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। बच्चे की मां निराली कुमारी ने अपने पति आकाश कुमार पर बेटे अंश कुमार को कुएं के पास पक्के फर्श पर पटकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बच्चे की मौत के बाद गांव में मातम
मां की ओर से थाने में दिए आवेदन के मुताबिक, घर में सास के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान आकाश कुमार घर पहुंचा और कमरे में सो रहे छह माह के अंश को उठाकर घर के पीछे कुएं के पास ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्चे को ढलाई वाले फर्श पर पटक दिया।
गंभीर रूप से घायल बच्चे को उसकी मां हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंची। वहां से डॉक्टरों ने उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया। हालांकि, रांची पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा है।
पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आई है। मामले में लगाए गए आरोपों और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









