Dhanbad: झारखंड के धनबाद सदर थाना अंतर्गत भिस्तीपाड़ा इलाके में दिनदहाड़े छिनतई का एक मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। बाद में लोगों ने दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया।
Dhanbad News: लोगों की सतर्कता से दो आरोपी गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे राजेश हांडी नामक व्यक्ति को दो बाइक सवार युवकों ने जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और रास्ते में उनसे करीब 10 हजार रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को कुछ दूरी पर छोड़कर भागने की फिराक में थे, लेकिन पीड़ित के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लुटेरों को मौके पर ही धर दबोचा। पकड़े गए दोनों आरोपी कतरास के निवासी बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। धनबाद में बैंक ग्राहकों को निशाना बनाए जाने की इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।
पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालते समय विशेष सावधानी बरतें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या ये आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहे हैं।







