Dhanbad: मनईटांड़ इलाके में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पान विक्रेता सुरेश चौरसिया की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुरेश अपनी साइकिल से जा रहे थे, इसी दौरान FCI गोदाम की ओर से आ रहे एक भारी ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सुरेश की मौत की खबर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। परिवार के कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि मनईटांड़ जैसे घनी आबादी वाले इलाके में FCI गोदाम से लगातार भारी वाहनों की आवाजाही होती है। इससे पहले भी स्थानीय लोगों की ओर से भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जताई जाती रही है।
हादसे से नाराज लोगों ने दुर्घटना में शामिल बताए जा रहे ट्रक को रोक लिया और उसमें तोड़फोड़ की। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रकों के शीशे भी तोड़े जाने की बात सामने आई है।
शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
आक्रोशित लोगों ने सुरेश चौरसिया के शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। लोगों की मांग थी कि आबादी वाले इलाके में FCI गोदाम से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए और सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। सूचना मिलने के बाद धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
सुरेश चौरसिया की मौत के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि घनी आबादी वाले इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे हैं।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।











