Dhanbad: दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर धनबाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई। इसमें पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, रात्रि गश्ती और चोरी-गृहभेदन की घटनाओं पर रोकथाम को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के अलावा जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे।
पूजा पंडालों में CCTV और अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे और अग्निशमन की व्यवस्था रखने को कहा गया है।
इसके अलावा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाने का निर्देश दिया गया है। पंडालों में सहायता केंद्र स्थापित कर पुलिस, अस्पताल, अग्निशमन और अन्य जरूरी सेवाओं के संपर्क नंबर भी प्रदर्शित करने को कहा गया है।
DJ बजा तो होगी कार्रवाई, जब्त किया जाएगा साउंड सिस्टम
दुर्गा पूजा से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक DJ के इस्तेमाल को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी पूजा समिति द्वारा DJ का इस्तेमाल किए जाने पर उसका लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाएगा।
इसके साथ ही संबंधित पूजा समिति के पदाधिकारियों और साउंड ऑपरेटर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा DJ को जब्त किया जाएगा।
आठ जोन और तीन सुपर जोन में बांटा गया धनबाद
पूजा के दौरान चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए धनबाद जिले को आठ जोन और तीन सुपर जोन में बांटा गया है। हर रात नोडल अधिकारी, डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारी गश्ती व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
एसएसपी प्रभात कुमार के अलावा सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी भी क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण करेंगे।
बैठक में आर्म्स एक्ट से जुड़े लंबित मामलों का अगले दो महीने में निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों को पूजा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क रहने को कहा गया है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।












