हजारीबाग में निजी स्कूलों द्वारा Fees बढ़ोतरी को लेकर लगातार मिल रही अभिभावकों की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) आदित्य पांडेय की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने शहर के संत जेवियर स्कूल और कार्मेल स्कूल का औचक निरीक्षण किया।
जांच दल में जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) आकाश कुमार और कार्यपालक दंडाधिकारी प्रेम कुमार भी शामिल थे। टीम ने दोनों स्कूलों के प्रबंधन से री-एडमिशन शुल्क, मासिक फीस में बढ़ोतरी, यूनिफॉर्म और पुस्तकों की खरीद व्यवस्था सहित कई अहम बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी मांगी।
सूत्रों के अनुसार, दोनों स्कूलों की ओर से प्रशासन को बताया गया कि Fees वृद्धि नियमानुसार की गई है। हालांकि, जांच टीम ने केवल मौखिक जवाब को पर्याप्त नहीं माना। प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को एक सप्ताह के भीतर सभी संबंधित बिंदुओं पर दस्तावेजों सहित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
दरअसल, हाल के दिनों में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि निजी स्कूल मनमाने तरीके से Fees बढ़ा रहे हैं। साथ ही कुछ निर्धारित दुकानों से ही किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव भी बनाया जा रहा है।
अभिभावकों के बढ़ते विरोध के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि स्कूल प्रबंधन की रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











