Giridih: गिरिडीह के गावां प्रखंड के कानीकेंद, धनेता समेत आसपास के गांवों में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार की रात भी हाथियों का आतंक जारी रहा। झुंड से बिछड़े हाथियों ने कानीकेंद गांव में लखन यादव के एक मवेशी को पटककर मार डाला। मवेशी घर के समीप बंधा हुआ था। अचानक हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसके अलावा हाथियों ने खेतों में पानी पहुंचाने वाले पाइप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
फसलों को रौंदकर किसानों को भारी नुकसान
हाथियों ने कानीकेंद और धनेता इलाके में खेतों में लगी फसलों को रौंदकर किसानों को व्यापक नुकसान पहुंचाया। लगातार दूसरे दिन हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण रात होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं और उन्हें अपने जान-माल की चिंता सता रही है।
इससे एक दिन पहले गुरुवार की रात हाथियों ने पथलड़िहा गांव में लालो भगत के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया था। घर में रखे अनाज के साथ आसपास की फसलों को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया था।लगातार हो रहे उत्पात से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूर भगाने, गश्त बढ़ाने तथा क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा देने की मांग की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








